आपूर्ति विभाग द्वारा पकड़ा गया सरकारी राशन।
- फोटो : PARIKESHGARH
परीक्षितगढ़(मेरठ)। नगर के मोहल्ला ढाकपीर स्थित व्यापारी के गोदाम में आपूर्ति विभाग की टीम ने छापा मारकर सरकारी सस्ते गल्ले का राशन के चावल व गेहूं के कट्टे बरामद किए हैं। वहीं, आरोपी व्यापारी मौके से फरार हो गया। अधिकारियों की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी व्यापारी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने को लेकर तहरीर दी है।
मंगलवार शाम पांच बजे जिला आपूर्ति विभाग के सप्लाई इंस्पेक्टर संजय सिंह व मवाना आपूर्ति विभाग इंस्पेक्टर रविंद्र सिंह ने शिकायत पर नगर के मोहल्ला ढाकपीर स्थित एक व्यापारी के गोदाम में छापेमारी की। टीम को देख व्यापारी लख्मीचंद मौके से भाग निकला। टीम ने गोदाम से सरकारी राशन चावल के 103 प्लास्टिक, 56 सरकारी मार्का के जूट के कट्टे, 16 कट्टे सरकारी गेहूं बरामद किया। गोदाम में कैंटर गाड़ी व कांटा आदि भी बरामद किया गया। टीम ने रिपोर्ट बनाकर पकड़े गए राशन व सामान को पुलिस की सुपुर्दगी में थाने भिजवा दिया। नगर में टीम की छापेमारी से हड़कंप मचा रहा। आपूर्ति विभाग के इंस्पेक्टर संजय सिंह ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति ने परीक्षितगढ़ में सरकारी सस्ते गल्ले का राशन की कालाबाजारी की शिकायत की थी। जिसके चलते गोदाम में छापेमारी कर बड़ी मात्रा में सरकारी राशन पकड़ा है। कब्जे में लेकर पुलिस के सुपुर्द किया गया है। वहीं आरोपी गोदाम मालिक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई जाएगी।