आप कार्यकर्ताओं ने सौंपा मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन
मवाना। आप पार्टी के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम नायब तहसीलदार को ज्ञापन देकर पत्ती जलाने की पाबंदी को तत्काल प्रभाव से वापस लिए जाने की मांग की है।
आप पार्टी के कार्यकर्ताओं ने सीएम के नाम नायब तहसीलदार उदयवीर सिंह को दिए ज्ञापन में कहा है कि प्रदेश सरकार ने किसानों की आय दोगुनी करने की घोषणा की थी लेकिन अब निर्देश दिए हैं कि किसान पत्ती जलाएगा तो जेल जाएगा या जुर्माना भरेगा। किसान का बांड भी काट दिया जाएगा।
सरकार ने यह कानून बनाकर किसानों के साथ कुठाराघात किया है। किसान परेशान हैं। किसानों की रबी की फसल नहीं बोई जाएगी। किसान सडकों पर आने के लिए मजबूर हो रहा है। ज्ञापन में कहा है कि या तो सरकार पत्ती सहित गन्ना खरीदे और फिर समय से भुगतान कराए। ऐसे में किसान पत्ती नहीं जलाएगा। ज्ञापन में पत्ती जलाने पर लगाई पाबंदी को तत्काल प्रभाव से वापस लिए जाने की मांग की है। यदि निर्देश वापस नहीं लिए जाते हैं तो किसान सड़कों पर उतरकर आंदोलन करेगा। ज्ञापन देने वालों में शौबीर सिंह, बालकिशन शर्मा, अनमोल कुमार, सुशील कुमार, विकास कुमार आदि थे।