शनिवार रात तेज आंधी फिर आफत बनकर आयी। शारदा रोड और साकेत में पेड़ उखड़कर गिर गए। शारदा रोड पर पेड़ गिरने से वाहनों का आवागमन बंद हो गया। वहीं, साकेत में बाइक सवार दो युवक पेड़ की चपेट में आने से बाल-बाल बचे।
दिल्ली रोड पर परतापुर के पास पेड़ टूटकर हाईवे पर जा गिरा, जिसके बाद जाम लग गया। पुलिस ने पेड़ हटवाकर जाम खुलवाया। बागपत रोड और मवाना रोड पर पेड़ गिरने से भी जाम की स्थिति बन गई। हापुड़ रोड पर होर्डिंग्स आंधी में गिर गए। देहात और सिटी कंट्रोल रूम पर दस से अधिक स्थानों की सूचना दर्ज की गई। जिसके बाद संबंधित थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पेड़ और होर्डिंग्स हटवाये।
आंधी में उडे़ होर्डिग्स बैनर
दो दिन से बढ़े पारे ने लोगों को हाल बेहाल कर दिया। शनिवार को दिनभर गर्मी के बाद रात को आई आंधी ने गर्मी से राहत दी। आंधी में कई होर्डिंग्स और बैनर उड़ गए। इससे बाइक सवार घायल होने से बाल-बाल बचा।
शनिवार सुबह दिन निकलते ही आग बरसनी शुरू हो गई। गर्मी और लू के कारण लोग हाल बेहाल हो गए। बाजारों में सन्नाटा पसर गया। सूरज ढलने के बाद भी गर्मी कम नहीं हुई।
रात करीब नौ बजे मौसम बदला तो देखते ही देखते तेज आंधी शुरू हो गई। 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली आंधी में बैनर और होर्डिंग्स उड़ गए। आंधी के कारण वाहनों की रफ्तार धीमी हो र्गई। हल्की बूंदाबांदी और हवा से मौसम सुहावना हो गया। पल्लवपुरम चेक पोस्ट के पास होर्डिंग्स गिरने से एक बाइक सवार बाल-बाल बचा।
मौसम कार्यालय पर दिन का अधिकतम तापमान 40.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 29.1 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। अधिकतम आर्द्रता 48 और न्यूनतम 33 प्रतिशत दर्ज की गई। मौसम वैज्ञानिक डॉ. शमीम का कहना है कि रविवार और सोमवार को बारिश होने की संभावना है।
आंधी में फिर झूले यूनिपोल
आंधी में अवैध यूनिपोल और होर्डिंग फिर झूल गए। कई जगह यह टूटने से बचे। इससे लोग दहशत में आ गए। मुख्य मार्गों पर यातायात रुक गया। शारदा रोड पर पेड़ गिर गया। गनीमत रही कि कोई चपेट में नहीं आया।
शनिवार रात लगभग नौ बजे आंधी शुरू हुई थी। दहशत के कारण लोग घरों में कैद हो गए। होर्डिंग और यूनिपोल हवा में लहराने लगे। इसे देखकर वाहन सवार लोग रुक गए। पांच दिन पहले आई आंधी में कई होर्डिंग और यूनिपोल गिर गए थे, इनकी चपेट में आकर कई लोग घायल हो गए थे। लोगों में उसी का असर शनिवार रात भी दिखाई दिया। बता दें कि शहर की सड़कों पर अवैध यूनिपोल की फसल उग रही है। जिसको लेकर नगर निगम प्रशासन सवालों के घेरों में है। निगम बोर्ड से लेकर सड़क तक अवैध होर्डिंग को लेकर हंगामे होते रहे हैं। उसके बाद भी नगर निगम प्रशासन अवैध होर्डिंग के कारोबार पर शिकंजा कसने को तैयार नहीं है।
नौचंदी मेला हुआ खाली
देर शाम आंधी और बारिश के कारण नौचंदी मेले से लोगों की भीड़ गायब हो गई। आंधी ने दुकानदारों के अरमानों पर पानी फेर दिया। एक सप्ताह में तीन दिन आंधी और अन्य कारणों से मेला बंद हो चुका है। शनिवार को मेले की लाइट भी गुल हो गई। कुछ दुकानों से टीन शेड उड़ गए।