बता दें कि विधायक अमानतुल्लाह दिल्ली की ओखला विधानसभा सीट से चुनाव लड़ रहे थे। मंगलवार शाम विधायक के जीतने की खुशी में उनके पैतृक गांव अगवानपुर (परीक्षितगढ़) में परिवार से जुड़े सदस्य और ग्रामीण मिठाई बांट रहे थे। उसके बाद गांव में जुलूस निकाला जा रहा था। जुलूस में महिलाएं भी शामिल थीं।
इसकी जानकारी पुलिस को मिली तो परीक्षितगढ़ एसओ कैलाश चंद्र फोर्स के साथ गांव में पहुंचे। पुलिस ने नारेबाजी कर जुलूस निकाल रहे लोगों को रोका तो एक महिला ने महिला पुलिस से गाली गलौज कर दी। जिस पर पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
पुलिस ने धारा 144 का हवाला देते हुए बिना अनुमति जुलूस निकालने से रोक दिया। जिस पर भीड़ ने पुलिस से हाथापाई कर दी। महिला पुलिसकर्मियों की वर्दी फाड़ने की कोशिश की। भीड़ ने एसओ से भी धक्का-मुक्की करते हुए हिरासत में ली गई महिला को छुड़ा लिया। जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया।
एसओ परीक्षितगढ़ ने बताया कि देर रात नूरउल्ला खां समेत 20 नामजद और 50 अज्ञात पर केस दर्ज कर लिया गया है।