मेरठ। बाइक से उतरकर ई-रिक्शा में सवार युवक ने सराफ मंगलसेन वर्मा की जेब काटकर लगभग नौ लाख रुपये के आभूषण चोरी कर लिए। पुलिस ने मामले में चोरी की धारा में प्राथमिकी दर्ज कर और सीसीटीवी फुटेज खंगालकर जांच शुरू की है।
मंगलसेन वर्मा ने बताया कि शुक्रवार सुबह 11 बजे वह रेलवे रोड थाने के सामने से ई-रिक्शा में हापुड़ अड्डे जाने के लिए सवार हुए थे। उन्हें ग्राहकों को ज्वेलरी देने जाना था। घंटाघर चौक पर दो अज्ञात व्यक्ति ई-रिक्शा में बैठे। इनमेें एक आरोपी बाइक से उतरकर सवार हुआ था। प्यारे लाल अस्पताल के सामने से एक महिला भी रिक्शा में सवार हुई। बुढ़ाना गेट चौकी के पास आरोपी युवक किराया दिए बिना उतरकर बाइक पर अपने साथी के साथ भाग गया।
इंदिरा चौक पर मंगलसेन वर्मा को अपनी पेंट की आगे की जेब कटने और आभूषण गुम होने की जानकारी हुई। चोर एक सोने का हार, एक नथ, तीन अंगूठियां, छह जोड़ी कानों की बाली आदि चोरी कर ले गए। उन्होंने अपने बेटे सोनू वर्मा को फोन किया। इसके बाद 112 नंबर पर घटना की जानकारी दी गई। वे पहले थाना कोतवाली गए। यहां से उन्हें दिल्ली गेट थाने भेजा गया। एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज की मदद से चोरों को तलाश किया जा रहा है। जल्द वारदात का खुलासा किया जाएगा।