प्रेमी संग जाने पर अड़ी युवती, थाने में हंगामा
मेरठ। प्रेमी के साथ शादी रचाने पर अड़ी एक युवती ने शुक्रवार को लिसाड़ी गेट थाने में दिनभर जमकर हंगामा काटा। दरअसल, युवती को उसके पिता ने प्रेमी से फोन पर बातें करते हुए रंगेहाथ पकड़ा लिया था। देर रात तक युवती के परिजन उसे साथ ले जाने के लिए थाने में जमे रहे, लेकिन युवती ने साथ जाने से इंकार कर दिया।
पुलिस के अनुसार, लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के एक मोहल्ले में रहने वाली युवती का पड़ोसी युवक से प्रेम-प्रसंग चल रहा है। अक्सर दोनों रात के समय फोन पर बातें करते थे। बृहस्पतिवार रात युवती फोन पर युवक से बात कर थी। युवती के पिता ने उसे रंगेहाथ पकड़ लिया। जिस पर पिता ने बेटी की जमकर पिटाई की। दिन निकलने पर पिता काम पर चला गया। युवती मौका पाकर घर से निकल गई और थाने जा पहुंची। उसने बताया कि वह बालिग है और अपनी मर्जी से शादी करना चाहती है। लेकिन परिवार वाले उसकी जान के दुश्मन बने हुए हैं। पुलिस ने उसकी शिकायत पर परिजनों को भी थाने बुला लिया। परिजनों ने पुलिस को बताया कि उनकी बेटी नाबालिग है और अपने भविष्य से जुड़ा निर्णय नहीं ले सकती। इसलिए वह उम्र पूरी होने से पहले उसकी शादी नहीं करा सकते। पुलिस के सामने ही परिजनों के साथ युवती की जमकर नोकझाेंक हुई। युवती का आरोप है कि परिजन दबाव बनाने के लिए उसे नाबालिग बता रहे हैं। जबकि वह बालिग है। देर रात तक थाने में हंगामा होता रहा। युवती ने परिजनों के साथ लौटने से साफ इंकार कर दिया। लिसाड़ी गेट पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।