बच्चियों को अगवा कर ले जा रहे युवक को दबोचा
मेरठ।
लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के प्रहृलाद नगर में मंगलवार को एक युवक ने दो बच्चियों को अगवा करने का प्रयास किया। भाजपा कार्यकर्ता ने आरोपी से बच्चियों को छुड़ाया और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी अहमद नगर का बताया जा रहा है।
प्रहृलाद नगर निवासी रोहित पोद्दार और भाई विकास भाजपा कार्यकर्ता हैं। रोहित की बेटी गुनगुन (3) और विकास की बेटी आराधना (4) मोहल्ले में ही गीता के पास ट्यूशन पढ़ती हैं। दोपहर करीब 1:30 बजे बच्चियां ट्यूशन पढ़ने के बाद घर लौट रही थीं। रास्ते में नूर मोहम्मद निवासी अहमद नगर उनका अपहरण कर साथ ले जाने लगा। इसी दौरान गुनगुन की मां रौनक ने उसे देख लिया और शोर मचा दिया। लोगों ने आरोपी को पकड़कर पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लिया। गुनगुन के पिता ने आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। सीओ कोतवाली अरविंद चौरसिया का कहना है कि आरोपी मानसिक रूप से कमजोर लग रहा है। उसके डॉक्टरी परीक्षण के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
युवती के अपहरण का प्रयास, वीडियो वायरल
मोदीपुरम। कंकरखेड़ा थाना क्षेत्र के आंबेडकर रोड से युवती के अपहरण का प्रयास किए जाने का वीडियो वायरल हो रहा है। मंगलवार को वायरल एक वीडियो में मार्शल पिच पर बाइक सवार युवक जबरन युवती को बाइक पर बैठाने का प्रयास कर रहा है। युवती के शोर मचाने पर वहां भीड़ एकत्र हो गई। इस पर युवक भाग गया। थाना प्रभारी ने बताया कि आपसी मामला है। युवती बाइक सवार युवक की रिश्तेदार बताई जा रही है। मामले में तहरीर नहीं आई है। संवाद
समझौता नहीं करने पर पीड़िता से मारपीट
मेरठ। लिसाड़ीगेट थाना क्षेत्र में छेड़छाड़ के मामले में समझौता नहीं करने पर आरोपी ने परिजनों के साथ मिलकर पीड़िता के घर पर हमला बोल दिया। रविवार को पीड़िता ने अहमदनगर निवासी वसीम पर छेड़छाड़ और अपहरण के प्रयास का आरोप लगाकर तहरीर दी थी। वसीम के दोस्त नूरुद्दीन को भी नामजद किया था। मंगलवार को आरोपी ने परिवार वालों को युवती ले घर समझौता करने भेजा। युवती और उसके परिजनों ने इनकार कर दिया। आरोप है कि कुछ देर बाद आरोपी वसीम, उसका जीजा जरीफ, मोहसीन और जुबेर युवती के घर पहुंचे। उन्होंने युवती और मां से मारपीट की। पुलिस के आने से पहले आरोपी फरार हो गए। पीड़िता का आरोप है कि पुलिस आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नही कर रही है। बुधवार को वह एसएसपी से शिकायत करेगी। संवाद