मेरठ। लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के काशिफ ने तीन आरोपियों लिसाड़ी निवासी शोएब अंसारी, गुजरात निवासी ललित व अमित पर इंग्लिश एम्ब्रॉयडरी मशीन दिलाने के नाम पर 24 लाख रुपये हड़पने का आरोप लगाया है। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
गोला कुआं के दक्षिणी इस्लामाबाद निवासी काशिफ ने शनिवार को थाने पर प्राथमिकी दर्ज कराते हुए बताया कि आरोपी शोएब अंसारी का कंप्यूटराइज्ड मशीन खरीदने व बेचने का काम है। आरोपी की उसके साले अरीब से जान-पहचान थी। आरोपी ने काशिफ से इंग्लिश एम्ब्रॉयडरी मशीन सस्ते में दिलवाने का झांसा दिया था। आरोपी मई 2024 को उसे गुजरात के सूरत ले गया। आरोपी ने उसकी मुलाकात अमित व ललित से कराई।
वहां दो मशीन खरीदने का सौदा 29 लाख रुपये में तय हुआ था। जुलाई 2024 को पीड़ित ने आरोपियों के कहने पर करीब दो लाख रुपये एडवांस में उनके खाते में ट्रांसफर कर दिए थे। आरोपियों ने मशीन भेजने से पहले 80 प्रतिशत भुगतान करने की शर्त रखी थी। पीड़ित ने अलग-अलग तारीख में आरोपियों के बताए हुए खातों में पैसे भेज दिए थे। इसके बावजूद मशीन की डिलीवरी नहीं की गई और हर बार कोई न कोई बहाना बनाकर टाल दिया गया। आरोप है कि जब उसने पैसे वापस मांगे तो आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोपियों ने उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की बात कही। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। जांच के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।