संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। नगर के मोहल्ला धर्मपुरी में एक युवक को वॉट्सएप पर फोन कर आईफोन इनाम का झांसा देकर हजारों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पीड़ित ने परिजनों के साथ थाने पहुंचकर घटना के संबंध में आरोपी के खिलाफ तहरीर दी है। साथ ही साइबर सेल से भी कार्रवाई की मांग की गई है।
मोहल्ला धर्मपुरी निवासी आरिफ पुत्र शहीद ने बताया कि उसके मोबाइल पर भारत और पाकिस्तान के नंबरों से वॉट्सएप कॉल आई। कॉल करने वाले व्यक्ति ने बताया कि उसका आईफोन इनाम में निकला है, जो मुंबई स्थित एक निजी कंपनी में रखा हुआ है। आरोपियों ने सर्विस चार्ज के नाम पर नौ हजार रुपये जमा कराने को कहा और आईफोन घर भेजने का भरोसा दिलाया। आरोपियों की बातों में आकर आरिफ ने ऑनलाइन माध्यम से नौ हजार रुपये उनके बताए खाते में जमा कर दिए। इसके बाद शनिवार को उसके पास एक और अंतरराष्ट्रीय कॉल आई, जिसमें आरोपी ने पांच हजार रुपये और न देने पर झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी दी। इससे घबराकर पीड़ित परिजन के साथ थाने पहुंचा और पुलिस व साइबर सेल में तहरीर देकर कार्रवाई की गुहार लगाई। सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।