संवाद न्यूज एजेंसी
सरूरपुर। थाना क्षेत्र के कस्बा हर्रा निवासी लविश पुत्र यूसुफ पर कस्बा निवासी आरोपियों ने धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। परिजनों ने घायल को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ित पक्ष ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
समीर पुत्र यूसुफ ने तहरीर में बताया कि रविवार को कस्बे में ही दो पक्षों के बीच किसी बात पर कहासुनी हो रही थी। उसका छोटा भाई लविश भी वहां मौजूद था। इसी बीच आरोपियों ने लविश के साथ गाली-गलौज कर दी। उसने गाली का विरोध किया तो आरोपियों ने लाठी-डंडे से हमला कर दिया। हमले में लविश गंभीर रूप से घायल हो गया। युवक ने किसी तरह भाग कर अपनी जान बचाई। आरोप है कि जब उसका भाई घर पहुंचा तो आरोपी भी उसके पीछे घर में घुस गए और जमकर तोड़फोड़ की। शोर सुनकर आसपास के लोगों को आते देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए। पीड़ित पक्ष ने चौकी पर पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी है। सीओ सरधना आशुतोष कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।