सरधना। थाना क्षेत्र के गांव ईकड़ी निवासी आशीष त्यागी पर दूसरे गांव के युवकों ने धारदार हथियार से जानलेवा हमला कर घायल कर दिया। वह मैच खेलकर घर लौट रहा था। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित आशीष ने तहरीर में बताया कि शनिवार को दोपहर को गांव पाथौली से क्रिकेट मैच खेलकर घर लौट रहा था। इसी बीच पाथौली गांव निवासी आरोपियों ने उसे रास्ते में रोक लिया और उसके साथ गाली गलौज की। उसने विरोध किया तो आरोपियों ने धारदार हथियार से उस पर जानलेवा हमला कर दिया। हमले युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। शोर सुनकर आसपास के लोगों को आता देख आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए। पीड़ित ने घटना की जानकारी फोन पर परिजनों को दी। मौके पर पहुंचे परिजन घायल अवस्था में उसे थाने लेकर पहुंचे। पुलिस ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की इस संबंध में सीओ सरधना आशुतोष कुमार का कहना है कि तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है।