जानीखुर्द। सड़क हादसे में मरे युवक की फाइल फोटो
नोएडा में मेट्रो में टिकट विंडो पर करता था नौकरी
सोशल मीडिया पर फोटो देखकर परिजनों ने की पहचान
संवाद न्यूज एजेंसी
जानीखुर्द (मेरठ)। कांवड़ मार्ग पर सिवाल गंगनहर पुल के समीप बृहस्पतिवार देर रात सड़क हादसे में गांव जानी निवासी 24 वर्षीय श्लोक जिंदल की मौत हो गई। अज्ञात वाहन की टक्कर लगने के बाद उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वह नोएडा मेट्रो में ड्यूटी करने के बाद बाइक पर घर लौट रहा था।
गांव जानी खुर्द निवासी श्लोक जिंदल पुत्र सच्चे जिंदल, नोएडा में मेट्रो में टिकट विंडो पर कार्यरत था। श्लोक जिंदल रोजाना बाइक पर ही ड्यूटी पर आता-जाता था। बृहस्पतिवार रात करीब 12 बजे ड्यूटी से वह घर लौट रहा था। कांवड़ मार्ग पर सिवाल गंगनहर पुल के समीप किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दुर्घटना में गंभीर घायल श्लोक की मौके पर ही मौत हो गई।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान कराने का काफी प्रयास किया, लेकिन पहचान न होने पर शव को मोर्चरी भिजवा दिया। पहचान सुनिश्चित करने के लिए पुलिस ने मृतक का फोटो स्थानीय सोशल मीडिया ग्रुपों में साझा किया। शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे परिजनों ने फोटो देखकर श्लोक की पहचान की। बताया गया कि मृतक के पिता गांव में ही जनरल स्टोर चलाते हैं। श्लोक का एक बड़ा भाई है।
सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।ं