बिजनौर में हिंसक कुत्तों ने एक अर्द्धविक्षिप्त युवक को जंगल में नोंच नोंचकर मार डाला। कुत्ते युवक के शव का काफी हिस्सा खा भी गए। इससे पूर्व भी कुत्ते एक वृद्ध और एक महिला को मार चुके हैं। हिंसक कुत्तों द्वारा एक और युवक की जान लेने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवक की मौत का पता चलने पर मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस ने युवक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
शहर कोतवाली के गांव मुकीमपुर धर्मसी उर्फ खेड़ा निवासी स्व. घसीटा का 24 साल का बेटा शाहिद अर्द्धविक्षिप्त था। वह घर से कई-कई दिन तक लापता रहता था। वह जंगल में भी घूमता रहता था। गुरुवार को कुछ गांव वाले मालन नदी की सूखी धारा क्षेत्र में रेत निकालने के लिए गए तो देखा कि वहां हिंसक कुत्ते किसी का शव नोंच नोंचकर खा रहे थे। गांव वालों ने कुत्तों को किसी तरह भगाया और पास जाकर देखा तो कुत्ते शाहिद का शव खा रहे थे। सूचना पर आसपास के गांव वाले भी मौके पर जमा हो गए गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक कुत्तों ने शाहिद के शव का काफी हिस्सा खा लिया था। शव देखने से लग रहा है कि कुत्तों ने शाहिद को बुधवार शाम या रात को मारा होगा। उसके कपड़े फटे हुए थे। इसे देखकर लगता था कि शाहिद ने कुत्तों से खुद को बचाने के लिए काफी प्रयास किया। शाहिद के पूरे शरीर पर गहरे जख्म थे। कुत्तों ने बुधवार को गांव की ही मंशा देवी पर हमला कर दिया था, लेकिन उसने दांती से डराकर कुत्तों को भगा दिया था। हिंसक कुत्तों के डर से गुरुवार को गांव वाले अकेले जंगल में नहीं गए।
उनका कहना था कि मृत पशु और पोल्ट्री फार्म की मृत मुर्गियों का मांस खाकर कुत्ते हिंसक हो गए हैं। वे शाहिद से पहले भी गांव के राधेश्याम सिंह और संतोष देवी को जंगल में नोंच नोंचकर मार चुके हैं। गांव वालों ने पोल्ट्री फार्म को बंद कराने व कुत्तों के आतंक से निजात दिलाने की मांग की है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/