धमकी देकर जाने के बाद पुलिस ने फुटेज की मदद से पकड़ा
पुलिस बोली- मानसिक रूप से बीमार है युवक, जांच जारी
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। टीपीनगर थाना क्षेत्र में ब्रह्मपुरी मेट्रो स्टेशन के पास स्थित साउथ इंडियन बैंक में सोमवार को एक युवक टॉयगन लेकर घुस गया। उसने बैंक मैनेजर को टॉयगन दिखाते हुए 12 लाख रुपये की मांग की। इसके बाद युवक यहां से चला गया और बैंककर्मी घबरा गए। पुलिस ने पड़ताल की तो पता चला कि जतिन नाम का युवक मानसिक रूप से बीमार है। पुलिस गहनता से जांच कर रही है।
टीपीनगर थाना प्रभारी ने बताया कि दोपहर लगभग 3:03 मिनट पर सूचना मिली कि एक युवक पिस्टल लेकर बैंक में घुस गया। पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची तो पता चला कि युवक यहां से चला गया है। उसने बैंक मैनेजर से 12 लाख रुपये की मांग की थी। बैंक में लगे फुटेज की मदद से युवक की पहचान की गई। युवक बैंक के पीछे टीपीनगर का ही रहने वाला है। परिजन ने पूछताछ में बताया कि जतिन मानसिक रूप से बीमार है। वह अपने तीन साल के बच्चे की टॉयगन लेकर बैंक में पहुंच गया था। कुछ साल से वह कोई काम नहीं करता। उसकी पत्नी मेट्रो प्लाजा में काम करती है। युवक की मां भी बीमार है। उसका तेजगढ़ी में एक डॉक्टर से इलाज चल रहा है। पुलिस ने डॉक्टर के क्लीनिक पर जाकर भी पूछताछ की। इससे उसके मानसिक रूप से बीमार होने की पुष्टि हुई।
एसपी सिटी विनायक गोपाल भोसले ने बताया कि युवक थाना पुलिस की हिरासत में है। उसके मानसिक रूप से बीमार होने की बात सामने आई है। अभी बैंक अधिकारियों की तरफ से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। जांच और शिकायत के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।