मवाना। हस्तिनापुर घूमकर एक बाइक पर लौट रहे मोदीपुरम निवासी बाइक सवार दो युवक और दो युवतियों पर गांव रानी नंगला मोड के पास सड़क किनारे खड़े कुछ युवकों ने डंडा फेंककर मारा। चेहरे पर डंडा लगने से एक युवती घायल हो गई।
पीड़ित मवाना थाने पहुंचे। पुलिस ने घायल युवती को प्राइवेट चिकित्सक के यहां भर्ती कराया। इस बीच युवती के साथ आए दोनों युवक उसे छोड़कर फरार हो गए। पुलिस ने युवतियों के परिजनों को सूचना देकर बुलाया है।
बुधवार को मोदीपुरम निवासी दो युवक और दो युवतियां एक ही बाइक पर घूमने के लिए हस्तिनापुर आए थे। हस्तिनापुर घूमने के बाद अपराह्न 1:00 बजे के आसपास यह लोग वापस मोदीपुरम लौट रहे थे। गांव गणेशपुर को पार कर गांव रानी नंगला मोड के पास पहुंचे तो वहां दो बाइकों पर पांच-छह युवक सड़क किनारे खड़े थे। जिन्होंने इनको देखकर इनकी ओर डंडा फेंककर मारा। डंडा बाइक पर सबसे पीछे बैठी युवती के चेहरे पर लगा।
डंडा लगने से युवती घायल हो गई। किसी प्रकार यह लोग बाइक दौड़ाकर नहर पुल पर पहुंचे और वहां खड़ी पुलिस को जानकारी दी। पुलिस इन्हें लेकर मवाना थाने आई। पुलिस ने पूछताछ शुरू की तो किसी ने सही बात नहीं बताई। लड़कियों ने लड़कों को बुआ का लड़का बताया तो लड़कों ने लड़कियों को बुआ की लड़की बताया। इन्होंने घटना के संबंध में लिखित में शिकायत देने से इन्कार कर दिया।
पुलिस घायल युवती को इलाज के लिए अस्पताल लेकर गई। इस दौरान मौका पाकर दोनों युवक बाइक सहित फरार हो गए। पुलिस ने लड़कियों के परिजनों को कॉल कर सूचना दी। थाना प्रभारी राजेश कांबोज का कहना है कि मामला मवाना थाने का नहीं है। युवक-युवती थाने आए थे, लेकिन कार्रवाई नहीं करने की बात कहते हुए यहां से चले गए।