किठौर(मेरठ)। थानांतर्गत असीलपुर गांव में जंगल से होकर निकल रहे घरेलू विद्युत कनेक्शन के तार में कट में महिला का हाथ छूने के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बताया गया का गांव के बाहरी छोर पर बनी घर पर कनेक्शन काफी दूर से आया हुआ है। जिसके तार जमीन पर छूते हुए गुजर रहे है। शाम तक परिजनों ने एसडीएम को मौके पर बुलाने की मांग को लेकर शव को मौके से नहीं उठने दिया और हंगामा किया। समाचार लिखे जाने तक शव नहीं उठ सका।
असीलपुर में रफ्त अहमद का मकान गांव के बाहरी छोर पर जंगल में स्थित है। रफ्त के मकान पर काफी दूरी से बिजली का केबिल आया हुआ है। जिसमें काफी कट लगे हुए थे। शुक्रवार दोपहर असीलपुर निवासी शीला पत्नी संतपाल उर्फ बबलू 40 सुबह 11 बजे चारा लेने गई हुई थी। जहां केबल में लगे कट से उसका हाथ लग गया और उसको विद्युत करंट लग गया। जिसकी मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों को घटना की जानकारी शाम 4 बजे हुई। सूचना मिलने पर गांव में हड़कंप मच गया। परिजन व ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। सूचना मिलने पर दरोगा गिरीश यादव फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेने का प्रयास किया, लेकिन परिजनों ने एसडीएम को मौके पर बुलाने व दोषी को सजा दिलाने की मांग को लेकर शव नहीं उठने दिया। समाचार लिखे जाने तक अन्य कोई पुलिस-प्रशासनिक अधिकारी मौके पर नहीं पहुंच सका। जिससे शव नहीं उठ सका।