संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। थाना क्षेत्र के एक गांव मायके में आई महिला खेत में कूड़ा डालने गई थी। गांव के ही युवक ने उसे गन्ने के खेत में खींच लिया और उसके साथ दुराचार किया। शोर मचाने पर आरोपी लोगों को आते देख महिला को जातिसूचक शब्द कहते हुए अपनी साइकिल मौके पर ही छोड़कर भाग गया।
गांव निवासी युवक ने तहरीर में बताया कि उसकी बहन बुधवार सुबह 11:30 बजे के आसपास गांव निवासी एक व्यक्ति की टयूबवेल पर कूड़ा डालने गई थी। खेत में पहले से गांव निवासी युवक छिपकर बैठा हुआ था। आरोपी ने उसकी बहन का हाथ पकड़कर ईख के खेत में खींच लिया और मुंह दबाकर बहन के साथ दुराचार किया। महिला के शोर मचाने पर वहां से गुजर रहे लोगों को आते देख आरोपी अपनी साइकिल मौके पर ही छोड़कर भाग गया। आरोपी जातिसूचक शब्द कहते हुए जान से मारने और गांव में न रहने देने की धमकी दी।आरोपी की शर्ट पर लगे खून के धब्बे का वीडियो उनके पास है। रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है।
बताया गया कि पीड़िता की शादी पांच साल पहले हुई थी। चार-पांच दिन पहले वह ससुराल से मायके आई थी। सूचना पर पुलिस गांव में पहुंची और महिला व उसकी मां को जीप में बैठाकर थाने ले गई। युवती को डाॅक्टरी परीक्षण के लिए भेज दिया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी पंकज लवानिया ने मौके पर जाकर जांच की। उनका कहना है कि तहरीर मिल गई है। रिपोर्ट दर्ज कराई जा रही है।