संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। थाना क्षेत्र के एक गांव में युवती का यौन उत्पीड़न करने और धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। आरोप है कि गांव के ही एक युवक ने जबरन युवती से दोस्ती की और फिर शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। पंचायत में समझौते के बावजूद आरोपी पक्ष मुकर गया और अब पीड़िता को धमकियां दे रहा है।
पीड़िता के अनुसार करीब छह वर्ष पहले आरोपी युवक उसका पीछा करता था। विरोध करने पर उसके परिवार के साथ मारपीट भी हुई, लेकिन सामाजिक दबाव के चलते मामला दब गया। कुछ समय बाद आरोपी ने धमकाकर युवती से फिर से संपर्क किया और शादी का झांसा देकर उसे बहलाया। आरोप है कि अक्तूबर 2025 में आरोपी उसे एक होटल में ले गया, जहां पेय पदार्थ में नशीला पदार्थ मिलाकर दुष्कर्म किया और आपत्तिजनक फोटो खींच लिए।
आरोपी ने फोटो वायरल करने की धमकी देकर उसे ब्लैकमेल किया और पैसे भी ऐंठता रहा। मामला सामने आने पर गांव में पंचायत बुलाई गई, जहां आरोपी पक्ष ने युवती से कोर्ट मैरिज करने की सहमति दी। पीड़िता परिजनों के साथ रजिस्ट्रार कार्यालय पहुंची लेकिन आरोपी और उसका परिवार नहीं आया। संपर्क करने पर उन्होंने शादी से इन्कार कर दिया और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है। पुलिस ने पीड़ित पक्ष की तहरीर पर आरोपी रजत कुमार के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। सीओ आशुतोष कुमार का कहना है कि शिकायत के अनुसार सभी बिंदुओं पर जांच शुरू कर दी है। जल्द आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।