मेरठ। ऑनलाइन गिफ्ट ऑर्डर करने पर महिला से साइबर अपराधियों ने 12 हजार रुपये ठग लिए। इसके बाद महिला का नंबर भी ब्लॉक कर दिया। पीड़िता ने लालकुर्ती थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
लालकुर्ती के छोटा बाजार निवासी माधुरी कौशल ने थाने में शिकायत देकर बताया कि एक सितंबर को उन्होंने इंस्टाग्राम पर यूनिक 3डी गिफ्ट 001 नाम की आईडी पर गिफ्ट ऑर्डर किया था। इसके लिए मनोज गोस्वामी के क्यूआर कोड पर 300 रुपये का भुगतान किया था। तीन सितंबर को साढ़े 11 बजे उनके पास कॉल आई। कॉलर ने कहा कि पार्सल के लिए ओटीपी बताना होगा और 2250 रुपये जमा कराने होंगे। यह रकम बाद में रिफंड हो जाएगी। माधुरी ने मना किया तो कॉलर ने कहा कि जहां से ऑर्डर किया है, उससे कंफर्म कर लो। नहीं तो ऑर्डर कैंसिल हो जाएगा। माधुरी ने यूनिक 3डी गिफ्ट 001 पर राज शर्मा से बात की तो उसने आश्वासन दिया कि रकम रिफंड हो जाएगी। इस पर माधुरी ने भुगतान कर दिया। इसके बाद आरोपी कहने लगा कि भुगतान देरी से हुआ है। 4,500 रुपये और देने होंगे, इसके बाद ही पूरी रकम वापस होगी। इसी तरह फिर पीड़िता से आरोपियों ने 5,510 रुपये ट्रांसफर करा लिए। जीएसटी के नाम पर 5,550 रुपये और मांगने लगे। पीड़िता ने मना किया तो उसका नंबर ब्लॉक कर दिया। सीओ कैंट नवीना शुक्ला ने बताया कि आरोपियों की जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।