माछरा। निर्माणाधीन मेरठ-गढ़ मार्ग पर हसनपुर कला फ्लाईओवर के पास गन्ने से लदा ट्रक अचानक पलट गया। ट्रक पलटने के दौरान कई बाइक सवार उसकी चपेट में आने से बच गए। चालक ने ट्रक पलटते देखकर कूदकर खुद की जान बचाई। मौके पर काफी देर तक जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस ने पहुंचकर ट्रक हटवा कर यातायात सुचारू कराया।
मेरठ-गढ़ हाईवे (709ए) निर्माणाधीन है। करीब एक वर्ष से निर्माण कार्य रुका हुआ है। बीते दिनों बारिश होने पर सड़क पर गहरे गड्ढे हो गए थे। ट्रक गन्ना लादकर नंगलामल शुगर मिल जा रहा था। फ्लाईओवर के पास पहुंचते ही ट्रक का पहिया गहरे गड्ढे में गिर गया। जिससे ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। ट्रक चालक ने कूदकर जान बचाई। इस दौरान उसे मामूली चोट भी लगी। ट्रक पलटने पर सड़क पर दोनों तरफ जाम लग गया। सूचना मिलते ही माछरा चौकी से पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को मार्ग से हटवाकर यातायात सुचारू कराया।
ग्रामीणों का कहना है कि माछरा, हसनपुर कला, सिसौली, भटीपुरा, मऊखास के पास गहरे गड्ढे हैं परंतु एनएचएआई द्वारा इन्हें भरवाया नहीं जा रहा है। पिछले दिनों भी चौधरी प्रेमनाथ सिंह इंटर कॉलेज माछरा के प्रधानाचार्य राजेश त्यागी द्वारा इन गड्ढ़ों को भरवाया गया था परंतु बारिश होने पर गड्ढे पुनः बन गए हैं। ग्रामीणों ने इन गड्ढ़ों को भरवाने की मांग की है।