बिहारीगढ़। दिल्ली-देहरादून नेशनल हाईवे पर मोहंड गेस्ट हाउस के निकट मंगलवार सुबह तेज आंधी व बारिश के कारण सड़क के किनारे खड़ा शीशम का पेड़ जमीन पर आ गिरा। गनीमत रही कि कोई वाहन पेड़ की जद में नहीं आया। पेड़ सड़क पर गिरने से ढाई घंटे तक हाईवे पर जाम लगा रहा।
दून हाईवे पर पेड़ गिरने से आवागमन पूरी तरह बाधित हो गया। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारे लग गई। कुछ ही देर में पांच से छह किमी दूर तक वाहनों की लाइन लग गई। पेड़ गिरने और जाम लगने की सूचना पर पहुंची पुलिस और वन विभाग की टीम ने मजदूरों की मदद से पेड़ को काट कर सड़क से हटवाया। इस प्रक्रिया में दो घंटे का वक्त लगा और दोपहर बाद करीब दो बजे आवागमन सुचारु हो सका।
इस दौरान ढाई घंटे सड़क पर लगे जाम में फंसे वाहनों में बैठे यात्री परेशान रहे। बहुत से वाहन चालक तो अपने वाहनों को वापस करके वाया हरिद्वार से निकल गए। इस दौरान जाम में फंसे रहे मुस्तफा, राजवीर, सोहन सिंह, अजमेर सिंह आदि का कहना है कि गणेशपुर से देहरादून तक एलिवेटेड रोड का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। बावजूद इसके नेशनल हाईवे अथॉरिटी के अधिकारी इसे वाहनों के लिए नहीं खोल रहे हैं। उन्होंने एलिवेटेड रोड को वाहनों के लिए खोलने की मांग की है।