- मेरठ और सहारनपुर मंडल से मिलकर बनेगी वेस्ट यूपी जोन की टीम
उत्तर प्रदेश में बनेंगी आठ टीमें, 3 से 10 अक्तूबर तक होगा आयोजन
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। स्पोर्ट्स फेडरेशन ऑफ स्कूल की ओर से उत्तर प्रदेश स्कूल क्रिकेट चैंपियनशिप सीजन-2 की शुरुआत जल्द होने जा रही है। इसमें प्रदेश से आठ टीमें प्रतिभाग करेंगी। मेरठ और सहारनपुर मंडल से मिलाकर वेस्ट यूपी जोन की टीम बनाई जाएगी। इसमें मेरठ से काफी संख्या में क्रिकेटर ट्रायल मैच में प्रतिभाग कर सकेंगे। ट्रायल मैच 13 अगस्त के बाद से शहर में शुरू होंगे। यह जानकारी फेडरेशन के अध्यक्ष देवेंद्र सिंह और क्रिकेट कोच अतहर अली ने सोमवार को जीटीबी में आयोजित पत्रकार वार्ता में दी।
उन्होंने बताया कि टूर्नामेंट 3 से 10 अक्तूबर तक होगा। इसमें प्रदेश के सभी 18 मंडल के 75 जिलों से आठ टीम तैयार होंगी। इसमें वेस्ट यूपी, पूर्वांचल पैंथर, रूहेलखंड रॉयल्स, अवध लायंस, बुंदेलखंड टाइगर, ब्रज केसरिया, संगम सुपर किंग्स, सरयू स्ट्राइकर्स टीम बनाई जाएंगी। वेस्ट यूपी की टीम मेरठ मंडल और सहारनपुर मंडल की टीम के ट्रायल के बाद तैयार होगी। टूर्नामेंट टी-20 प्रारूप में होगा और इसमें अंडर 14 से अंडर 19 तक बालक और अंडर 17 से अंडर 19 तक बालिका वर्ग में टीम तैयार होगी। खिलाड़ियों को ट्रायल के लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा।
मेरठ और सहारनपुर मंडल में ट्रायल 13 अगस्त के बाद गुरुतेग बहादुर क्रिकेट एकेडमी और ऋषभ क्रिकेट एकेडमी में किए जा सकेंगे। जो भी खिलाड़ी ट्रायल मैच में अच्छा प्रदर्शन करेंगे उन्हें ही आगे वेस्ट यूपी की टीम में शामिल होने का मौका मिलेगा। टूर्नामेंट का फाइनल दिल्ली एनसीआर में होगा। इस टूर्नामेंट में जो भी बच्चे अच्छा प्रदर्शन करेंगे उन्हें प्रदेश की टीम में शामिल होने का मौका मिलेगा। इसके बाद वह 15 अक्तूबर से इंटर स्टेट चैंपियनशिप में प्रतिभाग कर सकेंगे। आठ स्टेट की टीम इंटर स्टेट चैंपियनशिप में भाग ले सकेंगी। इनमें यूपी टाइटंस, पंजाब स्टेलॉयन्स, हरियाणा, राजस्थान वारियर्स, बिहार ब्लास्टर, दिल्ली डोमिनेटर्स, एमपी पैंथर, उत्तराखंड वारियर्स टीम होगी। टूर्नामेंट की जानकारी के लिए खिलाड़ी www.sportsforschool.in पर जाकर भी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। वार्ता में डॉ. महेश कुमार, इंद्रजीत सालवान, डॉ. संजय, नासिर सैफी, रजनीश कौशल आदि मौजूद रहे।