संवाद न्यूज एजेंसी
मुंडाली। मुंडाली थाना अंतर्गत 10 दिन पूर्व सिसौली बिजली घर के पास हनुमान की मूर्ति खंडित करने के प्रयास के मामले में अभी तक कार्रवाई न होने के कारण विहिप व बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने सीओ किठोर कार्यालय मऊखास पर बुधवार को सांकेतिक धरना दिया और हनुमान चालीसा का पाठ किया। एक सप्ताह के अंदर कार्रवाई होने के आश्वासन पर कार्यकर्ता शांत हुए।
विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल के कार्यकर्ता अरुण सनातनी, अतुल त्यागी, अंकित, प्रदीप समेत अन्य कार्यकर्ता और ग्रामीण सीओ किठोर प्रमोद कुमार सिंह के कार्यालय मऊखास पर पहुंचे और वहां सांकेतिक धरना दिया। उन्होंने बताया कि 29 मार्च को शरारती तत्वों द्वारा सिसौली में हनुमान की मूर्ति को खंडित करने का प्रयास किया गया था। पुलिस चौकी मऊ खास इंचार्ज सुमित उपाध्याय और एसओ मुंडाली ने चार दिन में असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कार्रवाई करने का आश्वासन दिया था। लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।
सीओ किठोर प्रमोद कुमार सिंह ने कार्यकर्ताओं को आश्वासन दिया कि डीवीआर कब्जे में ली गई है। एक सप्ताह के अंदर असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी। कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी यदि एक सप्ताह के अंदर कार्रवाई नहीं की गई तो वह पुनः आंदोलन करेंगे।