संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। दीपावली, भाई दूज और नवंबर में आयोजित माता मरियम के मेले को देखते हुए नगर पालिका द्वारा नगर क्षेत्र में 17 से 22 अक्तूबर तक विशेष स्वच्छता, पेयजल आपूर्ति और जन-सुविधाओं से जुड़ा अभियान चलाया जाएगा। यह निर्णय उपजिलाधिकारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में लिया गया।
नगर पालिका के सफाई विभाग को निर्देशित किया गया कि वह हर रोज सुबह 5:00 बजे से 8:00 बजे तक अपने-अपने हल्का क्षेत्रों में गहन सफाई अभियान चलाएं। इसमें नालियों की सफाई, सड़कों के किनारे की घास हटाना, कूड़ा निस्तारण, चूने और कीटनाशक दवाओं का छिड़काव तथा धार्मिक स्थलों और सरकारी परिसरों की विशेष सफाई शामिल है। प्रकाश प्रभारी को निर्देश दिए हैं कि नगर क्षेत्र में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों की 17 से 22 अक्तूबर के बीच मरम्मत कराई जाए और रोशनी व्यवस्था को त्योहारों के अनुरूप सुनिश्चित किया जाए।
वहीं, जलापूर्ति पटल को नगर में शुद्ध और निर्बाध पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था करने, हैंडपंपों और नलकूपों की जांच एवं मरम्मत कराने के निर्देश दिए हैं।
एसडीएम उदित नारायण सेंगर ने ईओ दीपिका शुक्ला को निर्देश दिए कि सभी विभागीय कर्मचारियों को अपने कार्य की जियो टैग फोटो सहित रिपोर्ट नगर पालिका के कार्यालय पर अनिवार्य रूप से भेजनी होगी। सामुदायिक व सार्वजनिक शौचालयों की विशेष सफाई सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
नगर पालिका चेयरपर्सन सबीला बेगम और अधिशासी अधिकारी दीपिका शुक्ला ने कहा कि यह अभियान नगर की सुंदरता और नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए चलाया जा रहा है। त्योहारों पर नगर में सफाई, रोशनी और स्वास्थ्य से जुड़ी व्यवस्था में कोई कमी नहीं रहने दी जाएगी।