संवाद न्यूज एजेंसी
रोहटा। पूठखास गांव में खेत के ऊपर से गुजर रही जर्जर एलटी लाइन से निकली चिंगारी के कारण किसान की गन्ने की फसल में आग लग गई। आग लगने से किसान का नुकसान हुआ। पीड़ित किसान ने ऊर्जा निगम के खिलाफ शिकायत देकर आर्थिक सहायता और लाइन दुरुस्त कराने की मांग की है।
गांव निवासी किसान कुशपाल पुत्र राजेंद्र का खेत डूंगर गांव बाईपास के पास स्थित है। खेत के बीच से ऊर्जा निगम की एलटी लाइन गुजर रही है, जिसके तार काफी पुराने और जर्जर बताए जा रहे हैं। बताया गया कि सोमवार देर शाम बिजली के तार आपस में टकरा गए, जिससे निकली चिंगारी गन्ने के खेत में जा गिरी। देखते ही देखते सूखी पत्तियों ने आग पकड़ ली और आग फसल तक फैल गई। खेत से उठती लपटें देखकर आसपास मौजूद किसानों ने गांव में सूचना दी। सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। हालांकि तब तक फसल का कुछ हिस्सा जल चुका था। किसान ने आग से हजारों रुपये के नुकसान की बात कही है। पीड़ित किसान ने ऊर्जा निगम से नुकसान का मुआवजा दिलाने और जर्जर बिजली लाइन को जल्द बदलवाने की मांग की है।