लोकसभा चुनाव ड्यूटी पर जाने के बाद से ही सरकारी राइफल के साथ लापता चल रहा आरोपी सिपाही सहारनपुर पहुंचा तो सदर कोतवाली पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। राइफल को जमा करा दिया गया। बाद में सिपाही को कोतवाली से ही जमानत पर रिहा कर दिया गया।
पुलिस लाइन में तैनात बागपत के ग्राम रमाला निवासी सिपाही मदनपाल लोकसभा के दूसरे चरण में चुनाव के लिए ड्यूटी पर गया था। जिसे 15 मई को पुलिस लाइन में आमद करानी थी, लेकिन 18 मई तक भी मदनपाल वापस नहीं लौटा तो प्रतिसार निरीक्षक अजय कुमार श्रीवास्तव ने सदर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज करा दी। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद एसएसपी दिनेश कुमार ने मदनपाल को निलंबित कर दिया। रिपोर्ट दर्ज होने की जानकारी मिलते ही रविवार को मदनपाल सहारनपुर लौटा। पुलिस लाइन में आमद कराई तो प्रतिसार निरीक्षक ने सदर कोतवाली में सूचना दी। सदर कोतवाली पुलिस ने मदनपाल को गिरफ्तार कर लिया। उससे बरामद राइफल को पुलिस लाइन में जमा करा दिया गया। प्रतिसार निरीक्षक अजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि मदनपाल वापस आ गया है और पुलिस के सहयोग से राइफल बरामद कर जमा करा दी गई है। इस बीच वह कहां रहा इस बारे में उससे जवाब तलब किया गया है।
वहीं सदर कोतवाली प्रभारी पंकज पंत ने बताया कि मदनपाल को कोतवाली से आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद जमानत पर रिहा कर दिया गया है।
नोट- इन खबरों के बारे आपकी क्या राय हैं। हमें फेसबुक पर कमेंट बॉक्स में लिखकर बताएं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/