मेरठ देहात क्षेत्र में सरूरपुर के जंगल में भट्ठा पर खेलते समय आठ साल की बच्ची के ट्रैक्टर-ट्रॉली से कुचलने कारण मौत हो गई। परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर कई घंटे तक हंगामा किया। पुलिस ने परिजनों को समझाते हुए शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं, आरोपी ट्रैक्टर चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक कलीना गांव के जंगल में कलीना बिक्र फील्ड है। उस पर कलीना निवासी कर्मवीर का परिवार मजदूरी करता है। बुधवार दोपहर करीब 12 बजे कर्मवीर की आठ साल की बेटी गुनगुन उर्फ गुन्नी भट्ठे के पास रास्ते पर पेड़ के नीचे खेल रही थी। इसी दौरान खिवाई निवासी ट्रैक्टर चालक मिट्टी से भरी ट्रॉली लेकर आया। ट्रैक्टर-ट्रॉली बैक करते समय बच्ची ट्रॉली के नीचे आ गई।
गुनगुन के ऊपर से पहिया उतर गया। जिससे बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई। आसपास काम कर रहे मजदूरों ने शोर मचाया। इस बीच चालक ने भागने का प्रयास किया तो लोगों ने उसे पकड़ लिया। परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर कई घंटे तक हंगामा किया।
सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने परिजनों को समझाया और कार्रवाई का आश्वासन देते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने आरोपी चालक को गिरफ्तार कर लिया। चौकी प्रभारी के मुताबिक आरोपी चालक के खिलाफ रिपोर्ट दज्र कर ली गई है। श्राव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।