बहसूमा। रामराज में शॉर्ट सर्किट से घर का जला सामान फोटो पीड़ित इजहार द्वारा
बहसूमा। गांव रामराज के मोहल्ला शेखपुरा में बुधवार दोपहर शॉर्ट सर्किट से बंद मकान में भीषण आग लग गई। आग की लपटें और धुआं उठता देख आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। हादसे में मकान में रखा फर्नीचर, कपड़े, बिस्तर, घरेलू सामान समेत गृहस्थी का अधिकांश सामान जलकर राख हो गया। गनीमत रही कि घटना के समय मकान में कोई मौजूद नहीं था।
मोहल्ला निवासी सीमा उर्फ आलो पत्नी इजहार बुधवार को मकान पर ताला लगाकर पड़ोस में गई थीं। उनके पति इजहार भी सुबह काम पर चले गए थे। दोपहर में पड़ोसियों ने बंद मकान से धुआं उठता देखा तो तत्काल सीमा को सूचना दी। ग्रामीणों ने मकान का ताला खोलकर बाल्टियों से पानी डालकर आग बुझाने की कोशिश की। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक घर में रखा अधिकांश सामान जल चुका था। प्रथम दृष्टया आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। ग्रामीणों की तत्परता से आग आसपास के मकानों तक फैलने से बच गई। पीड़ित परिवार ने प्रशासन से आर्थिक सहायता की गुहार लगाई है।
बहसूमा। रामराज में शॉर्ट सर्किट से घर का जला सामान फोटो पीड़ित इजहार द्वारा