पुलिस बोली- फुटेज से पता चला दूसरे पक्ष की महिला पर भी किया हमला
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। कुत्तों को रोटी खिलाने के विवाद में रेलवे रोड थाना क्षेत्र में गर्भवती साजिया और उसकी बेटी को पीट दिया। मामले में पुलिस ने महिलाओं समेत छह पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है। पुलिस का कहना है फुटेज की जांच से पता चला है कि दूसरे पक्ष की रानी पर भी हमला किया गया है। दूसरे पक्ष की तहरीर पर भी प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
रेलवे रोड थाना क्षेत्र के मकबरा अब्बू निवासी साजिया ने पुलिस को तहरीर दी कि उनकी बेटी हुमायजा 21 अप्रैल को घर के पास कुत्तों को रोटी खिला रही थी। पड़ोसी रानी ने कुत्तों को रोटी खिलाने का विरोध किया और हुमायजा को पीटने लगी। शोर सुनकर साजिया बाहर आईं तो रानी और उसके परिवार की कहकशा, अन्नी, वसीम, मुस्तकीम और अलिशफी ने साजिया और उनकी बेटी हुमायजा को पीटा। साजिया का कहना है कि वह छह माह की गर्भवती है। आरोपियों की पिटाई से उसे आशंका है कि उसके गर्भ में पल रहे बच्चे को भी चोट पहुंची। इस पर पुलिस ने साजिया और उसकी बेटी का मेडिकल परीक्षण कराया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर सभी आरोपियों के खिलाफ हमले की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की। थाना प्रभारी ने बताया कि फुटेज से पता चला है कि रानी को भी काफी पीटा गया है। रानी ने भी पुलिस को तहरीर दी। उसकी तहरीर पर भी रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। सीओ कैंट एएसपी नवीना शुक्ला ने बताया कि मामले की जांच और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर इस मामले में कार्रवाई की जाएगी।