अधबने तमंचे और बनाने का सामान बरामद
फोटो
संवाद न्यूज एजेंसी
फलावदा (मेरठ)। फलावदा थाना पुलिस और स्वाट टीम ने संयुक्त कार्रवाई कर शुक्रवार को बंद आरा मशीन के परिसर में चल रही तमंचा फैक्टरी पकड़ी है। टीम ने यहां से दो आरोपियों मजहर और मोहम्मद असफी को गिरफ्तार किया। मौके से तीन बने और दो अधबने तमंचे और इन्हें बनाने में प्रयोग किया जा रहा भारी मात्रा में सामान बरामद किया है।
एसपी देहात अभिजीत कुमार ने बताया कि फलावदा में बलराम फार्म हाउस के पास साबिर के घेर में बंद पड़ी आरा मशीन पर पुलिस टीम ने छापा मारा। टीम ने मजहर (29) और मोहम्मद असफी (58) को मौके से गिरफ्तार किया। साबिर मौके से फरार हो गया। पुलिस उसे तलाश रही है। आरोपियों के खिलाफ थाना फलावदा में शस्त्र फैक्टरी की प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने तीन निर्मित तमंचे 315 बोर और दो कारतूस बरामद किए। दो अर्धनिर्मित तमंचे 312 बोर भी मिले हैं। शस्त्र निर्माण में प्रयुक्त होने वाले विद्युत और हस्तचालित उपकरण जब्त किए गए। एसपी देहात ने बताया कि मजहर चैनपुरा, बहसूमा का निवासी है। उस पर थाना फलावदा में पहले भी तमंचा फैक्टरी का एक मामला दर्ज है। मोहम्मद असफी महलका फलावदा का रहने वाला है। दोनों को कोर्ट में पेश करके जेल भेज दिया गया।
-