मेरठ। दिल्ली के युवक ने भारतीय नौसेना में अधिकारी बताकर पीएचडी की छात्रा से 5.36 लाख रुपये की धोखाधड़ी कर ली। मामले की जानकारी के बाद छात्रा ने आरोपी से अपने पैसे मांगे। जिस पर आरोपी व उसके परिवार ने छात्रा को जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित छात्रा ने शुक्रवार को एसएसपी ऑफिस पर शिकायती पत्र देते हुए आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। एसएसपी ने थाना पुलिस को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
शास्त्रीनगर निवासी एक छात्रा ने एसएसपी ऑफिस पर शिकायती पत्र देते हुए बताया कि वह मूल रूप से बुलंदशहर की रहने वाली है। मेरठ में रहकर पीएचडी की पढ़ाई कर रही है। 14 मार्च को शादी की वेबसाइट पर उसकी मुलाकात दिल्ली के युवक से हुई थी। आरोपी ने खुद को भारतीय नौसेना में अधिकारी बताया था। इस दौरान आरोपी ने अपने वर्दी के फोटो व फर्जी आईडी कार्ड भी दिखाए थे। आरोपी ने छात्रा को बताया था कि उसके माता-पिता नहीं है। पीड़िता के अनुसार 24 मार्च को आरोपी ऋषिकेश में एक सरकारी काम से जाने की बात कह कर उसे अपने साथ ले गया था। छात्रा का आरोप है कि आरोपी ने होटल के कमरे में छेड़खानी करते हुए दुष्कर्म का प्रयास किया था।
छात्रा ने आरोपी की हरकतों का विरोध किया था। मगर आरोपी ने छात्रा से अपनी गलती मान ली थी। इसी बीच आरोपी ने छात्रा की मुलाकात अपने एक दोस्त से कराई। आरोपी ने दोस्त को भी नौसेना में अधिकारी बताया था। आरोपी ने बहन की शादी की बात कहकर पीड़िता से कई बार में 5.36 लाख रुपये ले लिए। कुछ दिन बाद आरोपी का नंबर बंद आने लगा। पीड़िता ने आरोपी के दोस्त से संपर्क किया। पीड़िता को पता चला कि आरोपी भारतीय नौसेना में नहीं है। आरोपी ने फर्जी वर्दी व आई कार्ड बनवा रखा है। आरोपी के माता-पिता भी जिंदा हैं। छात्रा ने आरोपी के पिता से संपर्क किया। आरोपी व उसके परिजनों ने छात्रा के साथ अभद्र व्यवहार किया। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि तहरीर मिल गई है। तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।