यूपी के शामली में मेरठ-करनाल हाईवे पर गांव झाल गेट के निकट वाहन की टक्कर लगने से बाइक सवार बैंक के सेल्स ऑफिसर की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक के पिता ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के गांव बहावड़ी निवासी सन्नी मलिक (26) शामली में बुढ़ाना रोड पर स्थित आईसीआईसीआई बैंक में सेल्स ऑफिसर के पद पर कार्यरत थे। सोमवार रात करीब आठ बजे सन्नी बैंक का कार्य निपटाकर बाइक से घर जा रहे थे। जब वे रास्ते में गांव झाल के निकट पहुंचे तो पीछे से आए किसी वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। राहगीरों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को सीएचसी शामली में लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनको मृत घोषित कर दिया। मृतक की जेब में मिले बैंक के आईकार्ड से युवक की पहचान हुई। इसके बाद पुलिस ने परिजनों को सूचना दी। मंगलवार दोपहर में पोस्टमार्टम के बाद शव गांव में पहुंचा।
इसके बाद गमगीन माहौल में शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया। कोतवाली प्रभारी सुभाष सिंह राठौर ने बताया कि मृतक के पिता की तरफ से अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपी चालक की तलाश की जा रही है।
यह भी पढ़ें: बुझ गया घर का चिराग, तेज रफ्तार रोडवेज बस ने कुचला, सिपाही समेत दो की मौत