-पीड़ित ने लगाई एसएसपी से सुरक्षा की गुहार
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहटा। गांव रोहटा में बस स्टैंड पर फलों का ठेला लगाने वाले व्यापारी से रंगदारी मांगने और न देने पर जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने एसएसपी से मिलकर आरोपी के खिलाफ कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है।
रसूलपुर रोहटा निवासी परवेज पुत्र असलम ने एसएसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि वह मेरठ-बड़ौत मार्ग स्थित बस स्टैंड पर फलों का ठेला लगाता है। आरोप है कि बुधवार दोपहर गांव निवासी एक कुख्यात बदमाश, जो हाल ही में जेल से छूटकर आया है, उसके पास पहुंचा और 50 हजार रुपये की रंगदारी की मांग की।
पीड़ित के अनुसार, रुपये देने से इन्कार करने पर आरोपी ने गाली-गलौज कर पुराने घटनाक्रम का हवाला देते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की चेतावनी दी और तीन दिन के भीतर रंगदारी न देने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी। एसएसपी ने रोहटा थाना पुलिस को गंभीरता से जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए।