एनकाउंटर में मारा गया कुख्यात अपराधी
- फोटो : अमर उजाला
जिला पंचायत सदस्य के भाई एवं पूर्व प्रधान से मुकीम काला के नाम पर एक करोड़ रुपये रंगदारी मांगी गई। शुक्रवार रात में पहले तो दो बदमाशों ने पूर्व प्रधान के मकान के दरवाजे पर फायरिंग कर दहशत फैलाई, फिर शनिवार सुबह रंगदारी की धमकी के लिए कॉल की। धमकी से पीड़ित परिवार दहशत में है। झिंझाना थाने पर रिपोर्ट दर्ज होने पर पुलिस मामले की छानबीन करने में लगी है। पुलिस धमकी देने वाले बदमाश की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी हुई है।
झिंझाना थाना क्षेत्र के गांव गुर्जरपुर टपराना निवासी मोहसीन चौधरी जिला पंचायत सदस्य हैं। उनका भाई अफसर चौधरी पूर्व प्रधान है। अफसर चौधरी ने शनिवार दोपहर झिंझाना थाने पहुंचकर तहरीर दी। उसने बताया कि शुक्रवार रात करीब आठ बजे उसका भाई जिला पंचायत सदस्य मोहसीन चौधरी और पड़ोसी ग्रामीण घर के बरामदे में बैठे थे। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाशों ने घर के दरवाजे पर गोलियां बरसाई। उसके भाई और अन्य लोगों ने मकान के अंदर भागकर अपनी जान बचाई। इसके बाद फायरिंग करने वाले बदमाश अपनी बाइक से फरार हो गए। वहीं, शनिवार दोपहर 11.53 मिनट पर अफसर चौधरी के मोबाइल फोन पर कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को मुकीम काला गैंग का सदस्य अकबर बताया। धमकी देकर कहा कि 24 घंटे के भीतर एक करोड़ रुपये नहीं दिए, तो दोनो भाइयों को जान से मार दिया जाएगा। थाना प्रभारी संदीप बालियान ने बताया कि तहरीर के आधार पर रंगदारी मांगने की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच करने के साथ ही रंगदारी मांगने वाले बदमाश को तलाश किया जा रहा है।
एसपी ने भी की पीड़ित से पूछताछ
एक करोड़ रुपये रंगदारी मांगने की सूचना से पुलिस में हड़कंप मच गया। पुलिस अधीक्षक डाक्टर अजयपाल शर्मा भी झिंझाना थाने पहुंचे। उन्होंने काफी देर तक पीड़ित अफसर चौधरी से घटना के बारे में विस्तार से जानकारी ली, जिस नंबर से कॉल करके रंगदारी की डिमांड की गई, वह नंबर पूछने के बाद सर्विलांस टीम को भी जांच करने में लगा दिया। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस की टीमें लगा दी गई हैं, जल्दी ही आरोपी को गिरफ्तार किया जाएगा।
पीड़ित के घर पर लगा दिया पुलिस का पहरा
गांव गुर्जरपुर के पूर्व प्रधान अफसर चौधरी और जिला पंचायत सदस्य मोहसीन चौधरी के परिवार ने रंगदारी की धमकी आने के बाद अपनी और अपने परिवार की जान को खतरा बताया। पुलिस अधीक्षक ने एहतियात के तौर पर पीड़ित परिवार के घर पर पुलिसकर्मी तैनात कर दिए हैं।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/