विश्व संगीत दिवस पर गंगा प्लाजा में एक म्यूजिकल जर्नी देश से विश्व तक कार्यक्रम का आयोजन
सीमाओं, संस्कृतियों से परे लोगों को जोड़ता है संगीत: लव जैन
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। विश्व संगीत दिवस के अवसर पर एसएएमए साउंड गंगा प्लाजा में सुरों का सफर एक म्यूजिकल जर्नी देश से विश्व तक कार्यक्रम हुआ। इसमें भारतीय एवं वैश्विक संगीत परंपराओं के विकास को गीतों और संवादों के माध्यम से प्रस्तुत किया गया। संगीत की विविध विधाओं से परिचित होकर श्रोताओं के लिए कार्यक्रम यादगार अनुभव रहा।
कार्यक्रम में संगीत निर्देशन एवं पियानो वादक सम्यक जैन द्वारा किया गया। सम्यक जैन ने अपने पियानो वादन से कार्यक्रम को एक सुंदर संगीतमय धारा में पिरोया। सह संस्थापक एंजेल जैन एवं युवा गायिका अनिका जैन ने संगीत के विभिन्न रंगों से रूबरू कराया। कार्यक्रम के दौरान भारतीय लोक संगीत, सूफी, बॉलीवुड, फ्यूजन और पश्चिमी संगीत की लोकप्रिय विधाओं की रोचक जानकारी साझा की गई।
कार्यक्रम में जेहनसीब, इकतारा, तू जो मिला, ख्वाबों के परिंदे जैसे लोकप्रिय भारतीय गीतों के साथ-साथ पश्चिमी संगीत की प्रसिद्ध धुनों और गीतों को भी प्रस्तुत किया गया। प्रबंध निदेशक लव जैन ने उपस्थित सभी संगीत प्रेमियों, कलाकारों और सहयोगियों का धन्यवाद ज्ञापित किया। उन्होंने कहा कि संगीत एक सार्वभौमिक भाषा है जो सीमाओं और संस्कृतियों से परे लोगों को जोड़ती है।