मेरठ..कंवलजीत..माधवपुरम सेक्टर तीन में कच्चे तेल की दूकान में लगी आग......संवाद
- फोटो : संवाद
मेरठ। ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में शनिवार रात शॉर्ट सर्किट के कारण दो दुकानों में भीषण आग लग गई। भाजपा युवा मोर्चा के अध्यक्ष अमन सिंघल की परचून दुकान और प्रमोद सिंघल की स्पेलर की दुकान आग की चपेट में आ गईं। इस घटना में काफी सामान जलकर राख हो गया।
माधवपुरम खंड 3 में प्रमोद सिंघल की स्पेलर की दुकान में रात साढ़े आठ बजे शॉर्ट सर्किट हुआ। इससे तेज धमाका हुआ और निकली चिंगारी से आग लग गई। आग तेजी से फैली और उसने विकराल रूप धारण कर लिया। पास ही अमन सिंघल की सिंघल ब्रदर्स नाम की परचून व कन्फेक्शनरी की दुकान भी आग की चपेट में आ गई। कोल्ड ड्रिंक के फ्रिज का कंप्रेसर फटने से कई धमाके हुए। सूचना मिलने पर थाना पुलिस और दमकल विभाग मौके पर पहुंचा। दमकल विभाग की पांच गाड़ियों ने लगभग दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग बुझने के बाद अपनी जली हुईं दुकानें देख दुकानदारों की आंखें नम हो गईं। अग्निशमन अधिकारी आकाश चौहान ने बताया कि आग में कोई जनहानि नहीं हुई है। उन्होंने पुष्टि की कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी थी। पुलिस ने घटनास्थल के पास भीड़ को दूर किया।