सरधना। तहसील रोड स्थित अस्थायी डंपिंग ग्राउंड में बुधवार को अचानक कूड़े के ढेर में आग लग गई, जिससे आसपास के क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। आग लगते ही कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे इलाके में घना धुआं फैल गया। धुएं के कारण स्थानीय लोगों को सांस लेने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
कूड़े के ढेर से पहले धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही समय में आग तेजी से फैल गई और पूरे डंपिंग ग्राउंड को अपनी चपेट में ले लिया। तेज गर्मी और सूखे कचरे के कारण आग और अधिक भड़क गई, जिससे स्थिति नियंत्रण से बाहर होने लगी। धुएं का गुब्बार इतना अधिक था कि आसपास का पूरा क्षेत्र प्रभावित हो गया और लोगों को अपने घरों के अंदर रहने के लिए मजबूर होना पड़ा।
सूचना पर दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और कई घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया। इसके बाद क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली। स्थानीय लोगों का कहना है कि तहसील रोड पर स्थित यह डंपिंग ग्राउंड आबादी के बीच बना हुआ है, जहां लंबे समय से कूड़ा एकत्र किया जा रहा है।