किठौर(मेरठ)। भटीपुरा में बुधवार देर रात एक युवक की बलकटी से काटकर हत्या कर दी गई। सूचना पर सुबह गांव पहुंची पुलिस ने जानकारी ली। डॉग स्क्वाड की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच की। इसके बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थाना प्रभारी रोजंत त्यागी ने बताया कि भटीपुरा निवासी प्रवीण उर्फ सोनू पुत्र नरेंद्र की शादी 13 साल पहले नबीपुर निवासी रूबी के साथ हुई थी। दोनों का 12 साल का बेटा भी है। विवाद के कारण काफी समय से रूबी बेटे के साथ मायके में रह रही है। ग्रामीणों के अनुसार बुधवार रात प्रवीण घर के आंगन में सोया हुआ था। रात में बदमाशों ने बलकटी से गर्दन पर वार कर प्रवीण की हत्या कर दी। ग्रामीणों ने बताया कि रात लगभग डेढ़ बजे गोली चलने की आवाज भी सुनाई दी थी। युवक ड्राइवर था और शराब पीने का आदी थी। इसलिए किसी ने पास जाकर नहीं देखा। सुबह ग्रामीण पहुंचे तो युवक का शव लहूलुहान हालत में आंगन में पड़ा था। सूचना पर थाना पुलिस पहुंची और जांच की। वहीं एसपी देहात अविनाश पांडेय, सीओ देवेश सिंह और फोरेंसिक टीम भी पहुंची। युवक की पत्नी ने अज्ञात बदमाशों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
तरह-तरह की चर्चा
हत्या को लेकर गांव में तरह-तरह की चर्चाएं है। ग्रामीणों के मुताबिक विवाद के चलते उसकी पत्नी अधिकतर मायके में रहती थी। तीन दिन पूर्व मायके पक्ष के लोगों ने युवक के घर पहुंचकर उससे मारपीट भी की थी।
एक सप्ताह पहले बेची थी पांच बीघा जमीन
ग्रामीणों ने बताया गया कि चार दिन पहले युवक ने 24 लाख रुपये में अपने हिस्से की 5 बीघा जमीन बेची थी। जिसका जिसका पैसा उसके खाते में था।
एक दूसरे पर लगा रहे आरोप
प्रवीण के साले ने उसके भाई पर जमीन बेचने पर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं प्रवीण के भाई ने ससुराल वालों पर दो पहले मारपीट करने और जमीन के पैसों को लेकर हत्या का आरोप लगाया है। वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है।
जांच की जा रही
मामले की गहनता से जांच की जा रही है। युवक का साला मृतक के भाई पर जमीन बेचने के चलते हत्या करने का आरोप लगा रहा है। वहीं युवक भाई साले द्वारा दो दिन पूर्व हुई मारपीट व हिस्से के पैसे को लेकर हत्या का आरोप लगा रहा है। दोनों की बातें विरोधाभासी है। -रोजंत त्यागी, इंस्पेक्टर किठौर