सरधना(मेरठ)। सरधना-अटेरना मार्ग स्थित आम के बाग में रखवाली करते समय संदिग्ध परिस्थिति में गोली चलने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने तमंचे को कब्जे में लेकर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया।
थानाध्यक्ष उपेंद्र मलिक ने बताया कि नंगला आर्डर रोड स्थित चौधरी अहसान कुरैशी का आम का बाग है। इसमें देवबंद के गांव घड़ौली निवासी अलीहसन(50) पुत्र मोहम्मद सफी अपने बेटे रिहान व अन्य लोगों के साथ रखवाली करता था। शुक्रवार देर रात संदिग्ध परिस्थिति में तमंचे से गोली चलने पर अलीहसन की मौत हो गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची तो अलीहसन का खून से लथपथ शव पड़ा था। पास में ही तमंचा पड़ा था। पुलिस का मानना है कि तमंचा लोड करके व्यक्ति ने रख रखा था, अचानक ट्रिगर दबने से उसकी मौत हो गई। फिलहाल पुलिस ने मृतक के खिलाफ अवैध असलाह रखने पर मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। मामले की जांच कराई जा रही है।