रसूलपुर में भारी मात्रा में पटाखे और बारूद बरामद
फलावदा। गांव रसूलपुर से पुलिस ने भारी मात्रा में अधबने पटाखे और बारूद बरामद किया है। आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस पटाखे बनाने वाले परिवार पर मुकदमा दर्ज करने की तैयारी कर रही है। करीब 6 माह पूर्व यहां हुए विस्फोट में तीन लोगों की मौत हो गई थी।
थाना प्रभारी शिव वीर सिंह ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर गांव रसूलपुर में इसरार के घर पर दबिश देकर छह किलो गंधक, पोटाश 8 किलो, बने हुए बम पांच किलो, सुतली तथा बमों को बनाने का सामान बरामद हुआ है। मामले में पुलिस महिलाओं समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की तैयारी कर रही है। उन्होंने बताया कि 17 नवंबर को गांव में निसार के घर विस्फोट हुआ था। इसमें तीन लोगों की मौत हो गई थी। दर्जन भर लोग घायल हो गए थे। कई मकान जमींदोज हो गए थे। वहीं आठ फरवरी को अमरोली उर्फ बड़ा गांव में पुलिस ने दबिश देकर इसी परिवार के लोगों से विस्फोटक बरामद किया था।