मेरठ। लालकुर्ती थाना क्षेत्र के कसेरूखेड़ा में बुधवार को लठमार गोवर्धन देखकर घर जा रहे हरिद्वारी लाल (45) की ईंट से कूचकर हत्या कर दी। घटना के 12 घंटे बाद मृतक का शव नाले में पड़ा मिला। स्थानीय लोगों ने पुलिस को फोन कर मामले की जानकारी दी। पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक के भतीजे मोहित ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने सीसीटीवी कैमरे के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लिया है। पुलिस हत्या के पीछे शराब पीने को लेकर कहासुनी होने की बात कह रही है।
कसेरूखेड़ा निवासी गंगाशरण ने बताया कि उनका भाई हरिद्वारी लाल मजदूरी करता था। वह अविवाहित था। बुधवार सुबह उनका भाई घर से मजदूरी पर जाने के लिए घर से निकला था। शाम को कसेरूखेड़ा में लठमार गोवर्धन का मेला था। परिजन ने बताया कि हरिद्वारी के साथ राधेश्याम देखा गया था। जब देर रात तक हरिद्वारी घर नहीं पहुंचा तो परिजन को चिंता हुई। उन्होंने आसपास के क्षेत्र में हरिद्वारी की तलाश की थी। मगर जानकारी नहीं हो सकी थी। बृहस्पतिवार सुबह एक राहगीर ने कसेरूखेड़ा के मुख्य नाले में एक शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी। पुलिस व परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने मृतक की पहचान हरिद्वारी के रूप में की। इस दौरान मृतक के सिर व चेहरे पर ईंटों के कई निशान थे। हरिद्वारी के शव को देखकर परिजनों ने हंगामा कर दिया। परिजनों को रोकर बुरा हाल है। सीओ कैंट नवीना शुक्ला का कहना है कि सभी तथ्यों पर जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जल्द मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
-पुलिस ने संदिग्ध से कर रही पूछताछ
नाले में शव पड़े होने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई थी। परिजनों ने मृतक की पहचान हरिद्वारी के रूप में की। परिजनों के अनुसार हरिद्वारी रात 11 बजे तक राधेश्याम नाम के युवक के साथ दिखाई दिया था। इसके बाद से हरिद्वारी गायब चल रहा था। पुलिस की दो टीम मामले पर काम कर रही है। कुछ संदिग्धों को हिरासत में लेकर गंभीरता से पूछताछ की जा रही है। पुलिस को अंदेशा है कि हरिद्वारी का शराब पीने के दौरान किसी से विवाद हुआ था और उसी समय यह घटना हुई।