- हेलिपैड निर्माण के लिए मंडी समिति से ही मिलेगी एनओसी
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। नगर में मंडी परिसर के भीतर प्रस्तावित हेलिपैड निर्माण के लिए एनओसी जारी करने के मामले में स्थिति स्पष्ट कर दी गई है। कार्यालय संभागीय उपनिदेशक (निर्माण), राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद की ओर से लोक निर्माण विभाग को भेजे गए पत्र में बताया गया कि जिस भूमि पर हेलिपैड निर्माण प्रस्तावित है, वह भूमि मंडी समिति सरधना के स्वामित्व में आती है।
मुख्य सचिव द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से दिए गए निर्देशों के तहत प्रदेश के प्रत्येक तहसील एवं ब्लॉक मुख्यालय पर हेलिपैड का निर्माण कराए जाने की योजना चल रही है। इसी क्रम में सरधना तहसील के अंतर्गत नगर पालिका क्षेत्र में दौराला-बरनावा मार्ग स्थित मंडी परिसर की खाली पड़ी भूमि को हेलिपैड निर्माण के लिए चिह्नित किया गया था और इसके लिए एनओसी मांगी गई थी।
उपनिदेशक (निर्माण) शैलेंद्र सिंह ने स्पष्ट किया कि संबंधित भूमि मंडी समिति सरधना की है, इसलिए इस भूमि पर किसी भी प्रकार के निर्माण कार्य के लिए एनओसी जारी करने का अधिकार उनके स्तर पर नहीं है। उन्होंने कहा कि यह अधिकार केवल सचिव या सभापति, मंडी समिति सरधना के पास है और वही इस संबंध में अंतिम निर्णय लेने के लिए अधिकृत हैं। पत्र में बताया गया कि इस संबंध में उपजिलाधिकारी सरधना और मंडी समिति के सचिव समेत अन्य संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित करने के लिए अवगत करा दिया है।
एसडीएम उदित नारायण सेंगर ने अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग को मामले की जांच कर रिपोर्ट प्रेषित करने के निर्देश दिए हैं।