परतापुर थाना क्षेत्र के शताब्दी नगर सेक्टर 4सी में मंगलवार दोपहर कुसुम त्यागी के दो मंजिला मकान में फ्रिज का कंप्रेसर फटने से आग लग गई। आग की लपटें तेजी से फैलीं और देखते ही देखते पास रखी वाशिंग मशीन, इनवर्टर बैटरी, चारपाई और कपड़ों को अपनी चपेट में ले लिया। आग ने विकराल रूप धारण कर लिया जिससे एक कमरे में रखा सोफा, बेड, कुर्सियां और मेज जलकर राख हो गए।
मकान से धुआं उठता देख पड़ोसियों ने शोर मचाया और तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचना दी। प्रथम तल पर रहने वाली कुसुम त्यागी ने भी शोर सुनकर बाहर निकलकर मदद की गुहार लगाई। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने लगभग एक घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि आग रसोई तक नहीं पहुंची जहां दो गैस सिलेंडर रखे थे। वरना बड़ा हादसा हो सकता था।
किराएदार को हुआ भारी नुकसान
दूसरी मंजिल पर किराए पर रहने वाले स्पोर्ट्स कंपनी के सिक्योरिटी गार्ड प्रभात, उनकी पत्नी चित्रा देवी और दो बच्चों वेदांत व निकिता को आग से भारी नुकसान हुआ है। प्रभात ने बताया कि वे परिवार के साथ उस समय घर से बाहर सामान लेने गए थे तभी यह घटना हुई। एफएसओ विश्वास कुमार ने बताया कि फ्रिज का कंप्रेसर फटने से आग लगी जिसे समय रहते बुझा लिया गया। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।