मेरठ। नौचंदी थाना क्षेत्र के राजेंद्र नगर गली नंबर दो में घर के बाहर से जा रही गेल गैस की पाइप लाइन में बुधवार शाम को आग लग गई। घटना के बाद आसपास के लोग एकत्र हो गए और उन्होंने पानी और रेत डालकर काफी देर मशक्क्त करके आग पर काबू पाया। घटना के तीन घंटे तक गेल गैस की आपूर्ति ठप रही। पुलिस ने जिस घर के बाहर आग लगी, वहां के पूरे परिवार को बाहर निकालकर बचाया। आग बुझने के बाद ही लोगों ने राहत की सांस ली।
राजेंद्र नगर गली नंबर दो में कीर्ति का मकान है और उनके घर के बाहर से गेल गैस की पाइप लाइन जा रही है। बुधवार शाम को बच्चे घर के बाहर पटाखे छोड़ रहे थे। जबकि पाइप लाइन से गैस लीक हो रही थी। पटाखों के जलने के कारण गैस लीक होने पर चिंगारी पकड़ और वह कुछ ही देर में तेज हो गई। मकान मालिक शिक्षक दीपक शर्मा ने आसपास के लोगों की मदद से आग पर पानी और रेत डालकर किसी तरह काबू पाया जा सका।
गेल गैस की टीम को कॉल किया गया और कुछ देर के लिए लाइन को बंद कराया गया। आग पर काबू पाने के बाद ही लोगों ने राहत की सांस ली। गेल गैस के महाप्रबंधक विनय कुमार का कहना है कि प्लास्टिक का पाइप था। उसको चूहे ने काट दिया है। गेल गैस टीम ने तुरंत पहुंच कर वॉल्व को बंद कर दिया गया। किसी भी तरह का नुकसान नहीं हुआ है। वहीं, लोगों में कंपनी के खिलाफ आक्रोश है। उनका आरोप है कि पाइप कमजोर है और कभी भी गैस लीक हो जाती है, इसको कंपनी की तरफ से ठीक करना चाहिए।