मुजफ्फरनगर। शुकतीर्थ गंगा में दीपदान कर वापस लौट रहे वहलना निवासी किसान प्रवेंद्र उर्फ भूरा (42) की हादसे में मौत हो गई। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र में मखियाली के पास कार ने बाइक में टक्कर मारी। चालक हादसे के बाद कार को छोड़कर फरार हो गया।
थाना खालापार के गांव वहलना निवासी किसान के पिता सुरेंद्र की एक साल पहले मौत हो गई थी। इसी के चलते किसान गंगा स्नान के अवसर पर शुकतीर्थ में दीपदान करने गया था। बृहस्पतिवार रात जाने के बाद वह शुक्रवार सुबह स्कूटी पर वापस आ रहा था। भोपा रोड पर गांव मखियाली के पास मुजफ्फरनगर की तरफ से तेज गति से दौड़ा कर ले जाई जा रही कार ने किसान की स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक कार को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। उधर, हादसे को देखकर राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी तो नई मंडी कोतवाली पुलिस ने मौके पर पहुंच कर घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने घायल को मृत घोषित कर दिया। सूचना पाकर मृतक का बड़ा भाई संजीव आदि परिजन जिला अस्पताल पर पहुंचे। घटना के बारे में कार चालक के खिलाफ नई मंडी कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया है। परिजनों ने बताया कि किसान की शादी नहीं हुई थी। सीओ नई मंडी रुपाली राय ने बताया कि चालक की तलाश की जा रही है।