संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। कस्बे की मनोहरपुर कॉलोनी में बृहस्पतिवार शाम तेज हवा के चलते राजकीय पशुधन कृषि प्रक्षेत्र में खड़े यूकेलिप्टस के पेड़ की शाखा टूटकर एक घर के आंगन में चारपाई पर लेटी महिला के ऊपर जा गिरी। हादसे में महिला घायल हो गई, जबकि परिवार के अन्य सदस्य बाल-बाल बचे।
कॉलोनी निवासी पप्पू ने बताया कि शाम के समय पूरा परिवार आंगन में मौजूद था। तबीयत खराब होने के कारण परिवार की सदस्य गीता चारपाई पर लेटी हुई थी। इसी दौरान अचानक तेज हवा चली और मकान से सटे यूकेलिप्टस के पेड़ की शाखा टूटकर सीधे आंगन में आ गिरी। शाखा का एक हिस्सा गीता के ऊपर गिरने से वह घायल हो गईं। गीता को प्राथमिक उपचार दिया गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार उक्त यूकेलिप्टस का पेड़ राजकीय पशुधन एवं कृषि प्रक्षेत्र परिसर में खड़ा है। कॉलोनीवासियों का कहना है कि सूखे और जर्जर पेड़ों को हटाने के लिए कई बार प्रक्षेत्र प्रबंधन से शिकायत की जा चुकी है लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। लोगों ने प्रशासन से जल्द सूखे पेड़ों को हटवाने की मांग की है।