मेरठ जनपद में नगर पंचायत हर्रा में सोमवार को ठेका सफाईकर्मी ने चार माह से वेतन नहीं मिलने पर हाथ की नस काटकर जान देने का प्रयास किया। सफाईकर्मियों का आरोप है ठेकेदार ने पिछले चार माह का वेतन नहीं दिया है। इतना ही नहीं एक वर्ष से अधिक का ईपीएफ उनके खाते में जमा नहीं कराया है। ठेकेदार मांग उठाने पर सफाईकर्मियों को काम से हटा देने की धमकी देता है।
नगर पंचायत हर्रा में तैनात सफाईकर्मियों का आरोप है कि ठेकेदार की हठधर्मिता के चलते सफाईकर्मियों पर आर्थिक संकट गहरा गया है। जिसके चलते जहां दीपावली पर उनके घरों में राशन तक नहीं है। वहीं, बच्चों की स्कूल की फीस तक जमा नहीं हो पाई है। जिससे सफाईकर्मियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद नगर पंचायत प्रशासन इस ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। जिसके चलते सफाईकर्मी खुद को ठगा सा महसूस कर रहे हैं। वे बेबस महसूस कर रहे हैं।