हल्दौर। हल्दौर के पास स्थित माता काली देवी मंदिर के पास गुलदार ने बाइक सवार एक युवक पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। एक अन्य बाइक सवार ने किसी तरह बाइक दौड़ाकर अपनी जान बचाई। गुलदार के हमलों से लोगों में भय व्याप्त है।
गांव हरदासपुर गढ़ी निवासी मोनू दूध विक्रेता है। ग्रामीणों के अनुसार वह शनिवार की देर शाम बाइक से रिश्तेदारी में जा रहा था। ग्रामीणों के अनुसार हल्दौर में स्थित माता काली के मंदिर के पास झाड़ियों से निकले गुलदार ने उस पर हमला कर घायल कर दिया। वहां से गुजर रहे कुछ राहगीरों के शोर मचाने पर गुलदार भाग गया।
सूचना मौके पर पहुंचे परिजनों ने उसे निजी चिकित्सक के यहां भर्ती कराया। दूसरी घटना में गांव सुल्तानपुर निवासी सोनू भी बाइक से हल्दौर से अपने घर लौट रहा था। गांव के निकट स्थित नहर की पुलिया के पास गुलदार ने उसका पीछा किया। गुलदार की गुर्राहट सुनकर सोनू ने बाइक दौड़ा दी। ग्रामीणों ने वन विभाग से पिंजरा लगाकर गुलदार को पकड़ने की मांग की है।