सहारनपुर के कस्बा नानौता में सोमवार को एक हादसा हो गया। यहां गंगोह से बरात आई हुई थी। बरातियों को जिस मकान बैठा रखा था, उस मकान की अचानक दीवार गिर गई। वहीं दीवार के नीचे दबकर एक 12 साल की बच्चे की मौत हो गई, जबकि ग्यारह लोग घायल हो गए। सभी घायलों को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
बता दें कि सोमवार को गंगोह नगर के मोहल्ला मखदमूजहां (सराय) से मसूद पुत्र मरहूम शकूर की बरात नानौता नगर के गंगोह रोड स्थित मौहल्ला चांहमंजिली के बरकत कॉलौनी में सलीम के यहां पर आई हुई थी। बराती खाना खाकर कमरे में बैठकर शादी की रस्मों का आनंद ले रहे थे। इसी दौरान अचानत मकान की दीवार गिर गई।
बताया गया कि बरात को पड़ोसी अख्तर ठेकेदार के मकान में ठहराया गया था। जहां बरातियों को ठहराया गया था, उसी मकान के बराबर में एक कमरे में मकान मालिक द्वारा काफी ऊंचाई तक रेत भरा हुआ था। अचानक रेत से भरे कमरे की दीवार गिर गई और रेत भी बिखर गया। कमरे में बैठे बराती इसके नीचे दब गए। इस घटना के बाद वहां अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया।