मेरठ। कोतवाली क्षेत्र में बेटी का रिश्ता टूटने से आहत महिला के आत्मदाह के प्रयास के मामले में कोतवाली पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पीड़िता के बेटे ने सहारनपुर निवासी सात लोगों को नामजद किया है जिन पर रिश्ता तुड़वाने का आरोप है। पुलिस अधीक्षक (शहर) का कहना है कि जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
कोतवाली के सराय बहलीम निवासी जुनैद ने बताया कि उसकी बहन जोया की शादी सहारनपुर नई बस्ती निवासी नवाब से तय हुई थी। सगाई के बाद ससुराल पक्ष ने रिश्ता तोड़ दिया। आरोप है कि इसके बाद से ही नवाब, उसके पिता इस्तिखार, सास आमना, बिलाल, मुकर्रम, असलम और मोबिन फोन कर शहनाज को परेशान करने लगे। इससे वह तनाव में आ गई और पेट्रोल छिड़ककर आग लगा ली। महिला 70 फीसदी जल गई है और गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज से सफदरजंग दिल्ली रेफर की गई है जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि महिला की हालत नाजुक बनी हुई है। जांच पड़ताल करने के बाद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।